अलवर , अगस्त 28 -- राजस्थान में कोटपुतली-बहरोड़ जिले के मांडण थाना पुलिस ने काठुवास टोल प्लाजा पर पंचायत समिति नीमराना के पूर्व प्रधान बलवान सिंह यादव और उनके चालक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो को भी जब्त कर लिया है। आरोपी घटना के बाद धारूहेड़ा, गुरुग्राम सहित कई स्थानों पर छिपता रहा और पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को बलवान सिंह यादव अपने चालक विजय सिंह के साथ फॉर्च्यूनर कार से काठुवास जा रहे थे। टोल प्लाजा पर बूथ के पास गाड़ी रोकते ही सफेद रंग की बोलेरो ने पीछे से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। बार बार टक्कर मारने के बाद अन्य आरोपी भी आ गये और उन्होंने श्री यादव को जान से मारने की नीयत से हमले किये। श्रीयादव किसीतरह जान बचाकर भाग निकले।

पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान अजय उर्फ पहलवान उर्फ राठीया उर्फ साका सहित अन्य के रूप में हुई। मुख्य आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित