प्रयागराज , जुलाई 6 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में टोंस नदी में डूबे युवक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि समहन गांव निवासी अनीश कुमार (18) रविवार शाम अपने साथियों के साथ टोंस नदी में नहाने गया था। इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह अतरैला घाट के पास नदी में उसका शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर मेजारोड चौकी प्रभारी हरिओम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर युवक डूबा वहां नदी का पानी काफी गहरा है और पहले भी यहां इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद लोग बिना पर्याप्त सावधानी बरते नदी में स्नान करने उतर जाते हैं, जिससे हादसों की पुनरावृत्ति होती रहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित