भीलवाड़ा , अप्रैल 04 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के करेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक ठग को असम के दुर्गम जंगल में गिरफ्तार किया है।
इसा ठग दीपू बोरगोहैन ने पीड़ित पारसमल गुर्जर को 12 लाख 78 हजार रुपये का चूना लगाया। पुलिस ने उसे असम के दुर्गम और खतरनाक बीहड़ जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी पूरणमल ने शनिवार को बताया कि पारसमल गुर्जर ने 11 फरवरी 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक शातिर ठग ने खुद को एयरटेल कंपनी का अधिकारी बताते हुए खेत में टावर लगाने, 18 हजार रुपये महीना किराया और 12 हजार रुपये की चौकीदारी की नौकरी का लालच देकर उसे अपने जाल में फंसाया और पूरी योजनाबद्ध तरीके से 12 लाख 78 हजार रुपये ऐंठ लिये।
उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने विभिन्न माध्यमों से जांच के बाद उसके ठिकाने का पता लगाया जो असम में पाया गया। यह वह इलाका है, जहां ये शातिर अपराधी जंगलों में छिपकर देश भर में वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस दल ने अपराधियों के इस गढ़ में घुसकर असम के स्थानीय टेंगाखाट थाने के सहयोग से लगातार दो दिन तक जंगलों में डेरा डाला और सघन तलाशी अभियान चलाकर इस शातिर ठग को धर दबोचा।
पकड़ा गया, आरोपी असम के डिब्रूगढ़ जिले के खांगियागोहन का निवासी दीपु बोरगोहन (28) है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित