दरभंगा , अगस्त 22 -- बिहार के दरभंगा जिले में तिलकेश्वर थाना क्षेत्र से पुलिस ने टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल एक आरोपी को अवैध देशी पिस्तौल और आठ कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलरड्डी ने शनिवार को बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल के नेतृत्व में तिलकेश्वर थाना एवं कुशेश्वरस्थान थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने वांछित एवं टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के शंकरपुर भूसकुरआ गॉव निवासी राकेश यादव के घर पर छापेमारी की।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया किछापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर राकेश यादव भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी के क्रम में उसके कमरे से एक झोले में मैगजीन लगी सिल्वर रंग की देशी पिस्तौल तथा एक अन्य लोडेड मैगजीन बरामद की गई। दोनों मैगजीन की जांच करने पर प्रत्येक में चार-चार, कुल आठ जिंदा कारतूस मिले।पुलिस ने एक देशी पिस्तौल , दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी ) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्त राकेश कुमार यादव के विरुद्ध उपलब्ध अभिलेख के अनुसार लूट, डकैती, हत्या, आर्म्स एक्ट, रंगदारी एवं अन्य अपराधों से संबंधित कई कांड पूर्व से दर्ज हैं। उपलब्ध अभिलेख के अनुसार राकेश कुमार यादव के विरूद्ध दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान, अलीनगर एवं समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना में कुल 13 कांड अंकित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित