हरिद्वार , मार्च 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में गोवंशीय को क्रूरता पूर्वक परिवहन के मामले में थाना भगवानपुर पुलिस ने मंगलवार तड़के कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के वाहन से दो गोवंशीय पशु को बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में गोवंशीय पशुओं के अवैध एवं क्रूर परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भगवानपुर पुलिस अलावलपुर क्षेत्र में जांच अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक छोटे हाथी वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के डाले में दो गोवंशीय पशुओं को क्रूरता पूर्वक ठूंसकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सलीम पुत्र मोहम्मद इखलाक निवासी ग्राम गन्देवड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी को बुलाकर गोवंश का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित