चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- चंडीगढ़ के मालोया थाना पुलिस ने सेक्टर-38 पश्चिम में टैक्सी चालक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान पंजाबदीप सिंह (25) और हरप्रीत सिंह (21), दोनों निवासी गांव साहनेवाली, जिला मानसा, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को सेक्टर-56 स्थित जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गत 19 सितंबर की सुबह करीब 8:11 बजे कंट्रोल रूम को बागिया नर्सरी और सर्विस स्टेशन, सेक्टर-38 पश्चिम के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएफएसएल और एमएफटी टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान टैक्सी चालक विजय कुमार के रूप में हुई।
वाहन के मालिक प्रदीप सिंह ने बताया कि उसने 16 सितंबर को यह टैक्सी विजय कुमार को 700 रुपये प्रतिदिन के किराये पर दी थी। 19 सितंबर को वाहन सेक्टर-52 में एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा मिला, जिसमें खून के निशान थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान उनकी भूमिका सामने आई। पंजाबदीप सिंह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ मोहाली के मटौर थाने में 2023 में हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज था। इस मामले में उस पर टैक्सी चोरी कर शव को नाले में फेंकने का आरोप था। उसके खिलाफ 2025 में पटियाला के त्रिपुरी थाने में जेल अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज हुआ था। वहीं, हरप्रीत सिंह का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
मालोया थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को एफआईआर नंबर 124, 19 सितंबर 2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित