ग्वालियर , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कॉलेज जाते समय स्कूटी सवार जुड़वा बहनों को पीछे से आ रहे वाटर टैंकर ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल 21 वर्षीय छात्रा प्रियांशी शर्मा की छह दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी जुड़वा बहन प्रतिभा शर्मा का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार काली माता मंदिर, आमखो निवासी प्रदीप नारायण शर्मा की जुड़वा बेटियां प्रियांशी और प्रतिभा 21 सितंबर की सुबह करीब 10:50 बजे स्कूटी क्रमांक एमपी 07 एसडी 2939 से आईटीएम कॉलेज, सिथौली जा रही थीं। प्रियांशी स्कूटी चला रही थी, जबकि प्रतिभा पीछे बैठी थी।

दोनों एन-11 रेस्टोरेंट के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से आए वाटर टैंकर ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 07 जेडजी 7271 के चालक ने तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर से प्रियांशी के पेट और छाती में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा, जबकि प्रतिभा के दाहिने हाथ में चोट लगी।

राहगीरों की मदद से दोनों को परिवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 27 सितंबर की सुबह करीब 8:51 बजे प्रियांशी ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित