मुंबई , अप्रैल 22 -- टेस्ला इंडिया ने बुधवार को अपना नया छह-सीटर मॉडल 'वाई एल' पेश किया जिसकी शुरुआती कीमत 61.99 रुपये है।
देश की आर्थिक राजधानी में स्थित द बैलार्ड पियर डाउनटाउन एक्सपीरियंस सेंटर में इस लग्जरी एसयूवी की लॉन्चिंग की गयी। टेस्ला की वेबसाइट पर आज से इसके लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकता है। आम लोग गुरुवार से मुंबई के बीकेसी, दिल्ली के एरोसिटी और गुरुग्राम के ऑर्किड बिजनेस पार्क में टेस्ला के शोरूम पर जाकर मॉडल वाई एल का अनुभव ले सकेंगे।
एक बार पूरी तरह चार्ज करने पर यह एसयूवी 681 किमी तक की रेंज प्रदान करता है। यह केवल पांच सेकंड में शून्य से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 201 किमी/घंटा है। इसमें 2,539 लीटर तक की सामान रखने की जगह भी है।
मॉडल वाईएल में तीन पंक्तियों में छह सीटें हैं। दूसरी पंक्ति की कैप्टन सीट्स में पावर्ड आर्मरेस्ट, वन-टच फोल्डिंग, वेंटिलेशन और हीटिंग की सुविधा है, जबकि तीसरी पंक्ति में पावर रिक्लाइन, वन-टच फोल्डिंग और वेंटिलेटेड क्लाइमेट कंट्रोल दिया गया है।
एकॉस्टिक ग्लास, अपडेटेड सस्पेंशन सिस्टम, नये 19-इंच के मैशिना व्हील्स और 18-स्पीकर तथा एक सबवूफर वाले टेस्ला ऑडियो सिस्टम के साथ यह वाहन शांत और आरामदायक सफर का अनुभव देता है। एडाप्टिव सस्पेंशन और इलेक्ट्रॉनिक डैम्पिंग शॉक्स सड़क की स्थिति के अनुसार खुद को ढालते हैं।
इसमें लाइव ट्रैफिक विज़ुअलाइजेशन, सैटेलाइट मैप, लाइव कैमरा व्यू और इन-कार स्ट्रीमिंग सेवाएं भी हैं।
मॉडल वाई एल की शुरुआती कीमत 61,99,000 रुपये है, जबकि ईएमआई 49,000 से शुरू होती है। भारत में इसकी पहली डिलीवरी जून 2026 से शुरू होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित