नयी दिल्ली , जून 17 -- सोशल मीडिया नेटवर्क टेलीग्राम ने रविवार को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (नीट-यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा से कुछ दिन पहले उसके ऐप को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के केंद्र सरकार के फैसले को बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी।
टेलीग्राम कम्पनी ने यह कदम राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के ऐप तक पहुंच को रोकने के केंद्र के फैसले की घोषणा के एक दिन बाद उठाया है। यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि ऐसी चिंताएं थीं कि इस ऐप का उपयोग परीक्षा के प्रश्नपत्रों को लीक करने के लिए किया जा रहा था।
सोशल मीडिया पर टेलीग्राम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पावेल डुरोव ने इस प्रतिबंध को एक "गलती" बताया है और तर्क दिया है कि भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का यह कदम "कुछ भी नहीं रोक पाएगा", क्योंकि लीक के लिए जिम्मेदार लोग पहले ही अन्य ऐप पर जा चुके हैं।
श्री डुरोव ने कहा, "पिछले कुछ हफ्तों में, हमने भारत में लीक हुई परीक्षा सामग्री और उससे जुड़े घोटालों को साझा करने वाले सैकड़ों चैनलों को हटा दिया है।" उन्होंने कहा कि टेलीग्राम अपने "संपादित" लेबल को और अधिक स्पष्ट बना रहा है ताकि पिछली तारीखों में किए जाने वाले घोटालों को रोकने में मदद मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित