भोपाल , सितंबर 21 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आईटी, डीपटेक और टेक्नोलॉजी सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। राज्य में टेलीकॉम क्षेत्र में भी औद्योगिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्वालियर में टेलीकॉम मेन्यूफैक्चरिंग जोन स्थापित करना केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए दक्षिण भारत के निवेशकों का सहयोग प्राप्त करने की पहल की गई है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही। उन्होंने बताया कि टेलीकॉम मेन्यूफैक्चरिंग जोन में निवेश और इसकी खूबियों को बताने के लिए पहले नई दिल्ली और मुंबई में इन्वेस्टमेंट टू रोड शो आयोजित किए गए थे। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए तीसरा कार्यक्रम मंगलवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित किया जा रहा है, जहां निवेशकों के साथ संवाद कार्यक्रम होगा।

डॉ. यादव ने कहा कि अन्य क्षेत्रों में निवेश के लिए भी दक्षिण भारत के उद्यमियों का सहयोग प्राप्त हुआ है। टेलीकॉम मेन्यूफैक्चरिंग जोन के लिए भी निश्चित रूप से सहयोग प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक टेलीकॉम मेन्यूफैक्चरिंग जोन में निवेश को लेकर बेहतर प्रतिक्रिया मिली है। ग्वालियर-चंबल अंचल औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए अनुकूल है। राज्य सरकार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और उसके बाद जबलपुर के आसपास भी उद्योग-व्यापार को प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के छोटे-बड़े सभी शहरों में भारी उद्योग, लघु उद्योग, एमएसएमई तथा लघु-कुटीर उद्योगों के माध्यम से प्रदेशवासियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मध्यप्रदेश सरकार गरीब, युवा, किसान और नारी सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाला राज्य है और राज्य ने तेज गति से बेरोजगारी दर को नियंत्रित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित