ब्रेडी , जुलाई 12 -- हेली मैथ्यूज (100) और स्टेफनी टेलर (नाबाद 100) रनों की शतकीय पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज की महिला टीम ने रविवार को खेले गये दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में आयरलैंड को 67 गेंदें शेष रहते छह विकेट से हरा दिया और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। आज यहां पहले फील्डिंग करने का फैसला करने के बाद, वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को सात विकेट पर 241 रन पर रोक दिया। इसके बाद मैथ्यूज की 94 गेंदों में 100 रन और स्टेफनी टेलर की नाबाद 104 रन (हर गेंद पर एक रन) की पारी की बदौलत टीम ने 11 ओवर बाकी रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। आयरलैंड को सारा फोर्ब्स और गैबी लुईस ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन डिएंड्रा डॉटिन ने अपने शुरुआती स्पेल में दोनों ओपनर्स को आउट कर दिया। इसके बाद एमी हंटर ने रेबेका स्टोकेल के साथ मिलकर पारी को संभाला; ओर्ला प्रेंडरगास्ट के मैथ्यूज का शिकार बनने के बाद, इस जोड़ी ने अर्धशतक जड़े और चौथे विकेट के लिए 106 रन जोड़े।
हंटर और स्टोकेल दोनों ही नौ गेंदों के अंतराल में क्रमशः मैथ्यूज और एफी फ्लेचर का शिकार बनीं। आखिर में लिया पॉल ने 30 गेंदों में 32 रन बनाकर आयरलैंड के स्कोर को सात विकेट पर 241 रन तक पहुंचाया, जबकि मैथ्यूज ने 34 रन देकर 2 और डॉटिन ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित