नयी दिल्ली , अगस्त, 18 -- टेरो एंटरटेनमेंट पब्लिक कंपनी लिमिटेड ने दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते शहरी खेल को भारत में लाने की दिशा में पहला कदम उठाते हुए मंगलवार को यहां 3बाय3 क्वेस्ट इंडिया 2026 का आधिकारिक रूप से पेश किया।
बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) और एफआईबीए द्वारा समर्थित, यह पहल बास्केटबॉल टूर्नामेंट से कहीं बढ़कर है। 12-13 सितंबर, 2026 को डीएलएफ प्रोमेनेड - एम्पोरियो में क्वेस्ट इवेंट के साथ शुरू होने वाले इस पहले टूर्नामेंट में शानदार और जबरदस्त 3बाय3 मुक़ाबले के साथ-साथ म्युज़िक, इंटरैक्टिव फैन जोन और जबरदस्त एनर्जी देखने को मिलेगी, जिसने इस प्रारूप को विश्वस्तर पर मशहूर और ओलंपिक स्पोर्ट बना दिया है। पारंपरिक 5-ऑन-5 बास्केटबॉल के विपरीत 3बाय3 हाफ-कोर्ट पर खेला जाता है, जिसमें 12-सेकंड का शॉट क्लॉक लगातार चलता रहता है। गेम केवल 10 मिनट का होता है, या फिर जैसे ही कोई टीम 21 पॉइंट बना लेती है, गेम खत्म हो जाता है। यह तेज़ी से खेला जाने वाला, एक्शन से भरपूर और हमेशा गतिमान रहने वाला हाई-एनर्जी गेम है, जो स्किल और तकनीक पर आधारित है।
आज यहां आयोजित सम्मेलन में टेरो एंटरटेनमेंट के लीडर्स और भारत के स्पोर्ट्स इकोसिस्टम से जुड़े दिग्गज एफआईबीए, बास्केटबॉल फडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) और टेरो इंडिया टीम के प्रतिनिधि शामिल थे। इन सभी ने मिलकर 3बाय3 इंडिया के लिए विज़न, फ़ॉर्मेट और रोडमैप के बारे में जानकारी दी। इस आयोजन में 3बाय3 क्वेस्ट इंडिया 2026 की ट्रॉफ़ी और जर्सी को भी आधिकारिक तौर पर पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित