चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 06 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बिजयपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को नाकाबंदी के दौरान टेम्पो में गेहूं की आड़ में ले जा रहे पांच क्विंटल से अधिक अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि थानाधिकारी विजयपुर रामलाल ने राजपुरिया तिराहा पर नाकाबन्दी के दौरान एक भार वाहक टेम्पो का पीछा किया तो वह सड़क पर ही पलट गया। चालक उतकर भागने में सफल हो गया।
उन्होंने बताया कि टेम्पो की तलाशी में प्लास्टिक के 25 कटटे अवैध अफीम डोडा-चूरा के भरे हुये पाये गये। उसमें सात कट्टे गेहूं के थे। कट्टों में भरे अवैध अफीम डोडा-चूरा का कुल वजन 574 किलो 800 ग्राम पाया गया। टेम्पो चालक के विरुद्ध मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित