उदयपुर , मार्च 14 -- राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को टेम्पो पलटने की घटना में घायल हुए एक व्यक्ति की मौत के हो गयी, इससे इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गयी है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस दुर्घटना में घायल सुआवतों का गुडा निवासी मोहब्बत सिंह ने उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इस बीच, मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने गोगुंदा उपखण्ड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिवार के सदस्य को संविदा नौकरी, 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम (एवीएनएल) के अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि सायरा तहसील के सुआवतों का गुडा गांव के रहने पांच व्यक्ति बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर खराब होने पर उसे बदलने के लिए टेम्पो में डालकर गोगुंदा में एवीएनएल कार्यालय ले जा रहे थे। इसी दौरान राव मादडा के समीप टेम्पो अनियंत्रित होकर खड्डे में गिर गया। इस घटना में भोपाल सिंह एवं राम सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि मोहब्बत सिंह सहित तीन अन्य घायल हो गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित