जयपुर , अगस्त 21 -- आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी जयपुर में शुक्रवार को टेडएक्स आईआईएचएमआर यू के चौथे संस्करण का आयोजन किया गया जिसमें ऐसे विचारों, अनुभवों और प्रयासों पर चर्चा हुई जो आमतौर पर व्यापक सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं बन पाते, लेकिन समाज में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस साल कार्यक्रम की थीम 'इग्नाइट द अनसीन' रही। इसमें ऐसे विचारों और व्यक्तियों को सामने लाने का प्रयास है, जिन पर संवाद की आवश्यकता है। इस संस्करण में स्वास्थ्य, नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक प्रभाव और कला से जुड़े विषयों पर विचार और अनुभव साझा किये और इन विषयों को अलग-अलग दृष्टिकोणों से समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े वक्ताओं में पद्म भूषण से सम्मानित और दर्पणा एकेडमी की डायरेक्टर डॉ. मल्लिका साराभाई, क्योर.एआई में चीफ मेडिकल ऑफिसर-ग्लोबल हेल्थ डॉ. शिबू विजयन, 2006 इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स पीस प्राइज विजेता और पाठशाला ट्रस्ट के संस्थापक ओम प्रकाश गुर्जर, राउंडग्लास म्यूजिक की लीड, सिंगर, कंपोजर और म्यूजिकोलॉजिस्ट गौरी यदवाडकर, उद्यमी, वाइल्डलाइफ कंजर्वेशनिस्ट और मेडिका ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर आर. उदयन लाहिरी तथा नेशनल अवॉर्ड विजेता दिव्यांग अधिकार कार्यकर्ता और एटीएफ के सीईओ एवं को-फाउंडर प्रतीक माधव शामिल हुए।

इन लोगों ने परफॉर्मिंग आर्ट्स, पब्लिक हेल्थ, चाइल्ड राइट्स, असिस्टिव टेक्नोलॉजी, म्यूजिक,एंटरप्रेन्योरशिप और वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े अपने अनुभव साझा किये। इस दौरान उन लोगों, विचारों और प्रयासों पर भी चर्चा हुई, जो अक्सर मुख्यधारा की चर्चा से दूर रह जाते हैं, लेकिन समाज को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से आये वक्ताओं के विचारों के जरिए हेल्थ, इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, सोशल इम्पैक्ट, कल्चर और आर्ट्स से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई।

इस कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। तब से यह कार्यक्रम अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर नए विचारों और अनुभवों पर बातचीत का अवसर दे रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित