उज्जैन , मई 13 -- मध्यप्रदेश का उज्जैन जिला अब टेक्सटाइल निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की "टेक्सटाइल्स फॉर ग्लोबल मार्केट" पहल के तहत उज्जैन को "चैंपियन डिस्ट्रिक्ट" के रूप में चयनित किया गया है। इसके तहत वर्ष 2030 तक जिले से लगभग 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब पांच हजार करोड़ रुपये के टेक्सटाइल निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागृह में "डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट एक्शन प्लान" को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने की। बैठक में जिला प्रशासन, उद्योग विभाग, निर्यातकों और टेक्सटाइल कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में मौजूदा निर्यात प्रोफाइल, वर्ष 2030 के लक्ष्य, चुनौतियों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक देश के टेक्सटाइल निर्यात को 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसी उद्देश्य से देशभर में 100 चैंपियन और 100 आकांक्षी जिलों की पहचान की गई है।

बैठक में उज्जैन में बड़े टेक्सटाइल पार्क विकसित करने और मल्टी-स्टोरी इंडस्ट्रियल मॉडल के माध्यम से एकीकृत टेक्सटाइल ईकोसिस्टम तैयार करने पर जोर दिया गया। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना था कि इससे उत्पादन, पैकेजिंग, परिवहन और सप्लाई चेन को गति मिलेगी।

कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने कहा कि टेक्सटाइल निर्यात बढ़ाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग और संस्था की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। उन्होंने कहा कि उत्पादक, निर्यातक और प्रशासन यदि टीम भावना से कार्य करेंगे, तभी निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

बैठक में स्थानीय उद्यमियों के लिए विशेषज्ञों के साथ नियमित कार्यशालाएं और संवाद सत्र आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। इनमें निर्यात प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, सर्टिफिकेशन, गुणवत्ता सुधार और अंतरराष्ट्रीय बाजार संबंधी जानकारी दी जाएगी।

बैठक में यह भी कहा गया कि महिला श्रमिकों को प्रोत्साहित कर टेक्सटाइल क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए उन्हें ब्रांड एंबेसडर के रूप में आगे लाने की योजना पर भी चर्चा हुई।

आंकड़ों के अनुसार पिछले 11 महीनों में उज्जैन जिले से लगभग 2,070 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ, जिसमें टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर की हिस्सेदारी करीब 700 करोड़ रुपये रही। वर्तमान में उज्जैन से विस्कोस रेयान स्टेपल फाइबर, अंडरगारमेंट्स, कॉटन टी-शर्ट्स, एफआईबीसी और कच्चे कपास का निर्यात प्रमुख रूप से किया जा रहा है। जिले के टेक्सटाइल उत्पादों की सबसे अधिक मांग अमेरिका में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित