लुधियाना , जून 03 -- पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आधुनिक तकनीक और विभिन्न जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस हर वर्ग तक पहुंच बना रही है, ताकि लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना विकसित हो सके।
उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था का असर निवेश पर भी दिखाई दे रहा है। पिछले एक वर्ष में पंजाब में लगभग 57,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आये हैं। सुरक्षित माहौल और मजबूत कानून-व्यवस्था ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री यादव ने कहा कि पुलिस राज्य में आधुनिक और जन-केंद्रित पुलिसिंग का नया मॉडल स्थापित कर रही है। पुलिस और आम नागरिकों के बीच मजबूत होते संबंधों तथा अपराध नियंत्रण के प्रयासों के चलते लोगों का भरोसा बढ़ा है और उद्योगों और निवेशकों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार हुआ है। पंजाब का औद्योगिक केंद्र लुधियाना इस बदलाव का प्रमुख उदाहरण बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपराध मुक्त माहौल सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाये हैं। त्वरित कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था के जरिए पुलिस ने लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत की है।
लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने कहा कि पंजाब पुलिस 'सुरक्षित पंजाब, सफल पंजाब' के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है और सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभिन्न मोर्चों, स्कूलों, डॉक्टरों, व्यापारिक संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं और अन्य वर्गों के साथ नियमित बैठकें कर रही है, ताकि संवाद बढ़े और समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके।
संगठित अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे 'ऑपरेशन गैंगस्टरां ते वार' का उल्लेख करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि पिछले चार महीनों में पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाये हैं। उन्होंने कहा कि कई गैंगस्टर विदेशों में बैठकर युवाओं को अपराध के लिए उकसाते हैं, लेकिन पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा और राष्ट्र निर्माण पर ध्यान दें तथा अपराध के रास्ते से दूर रहें। उनके अनुसार, इस अभियान ने न केवल अपराधियों पर शिकंजा कसा है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत किया है। तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए लुधियाना में हाल ही में एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) शुरू किया गया है। इस केंद्र में ट्रैफिक निगरानी, पुलिस कंट्रोल रूम और सर्विलांस सिस्टम को एक मंच पर जोड़ा गया है, जिससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और जांच प्रणाली अधिक प्रभावी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित