उत्तरकाशी , मई 01 -- दिल्ली से उत्तराखंड के गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकला एक टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार को नगुन-सुवाखोली मोटर मार्ग पर नागराजा धार के पास ब्रेकफेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच यात्री घायल हो गए अन्य यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 23 यात्री सवार थे। इसी बीच नागराजा धार क्षेत्र में चलते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पहाड़ी से टकरा गया। राहत की बात यह रही कि वाहन खाई में गिरने के बजाय सड़क किनारे नाली में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
दुर्घटना में कपिल अरोड़ा, डिंपी, ध्रुव, नीता और प्रेम दास घायल हो गए। पांचों घायल राजधानी के पंतनगर, जंगपुरा के रहने वाले हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रभारी थानाध्यक्ष शिव शंकर उनियाल ने बताया कि वाहन चालक जगजीत सिंह (निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा) ने प्राथमिक पूछताछ में ब्रेक फेल होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित