बाजपुर , अगस्त 26 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में पुलिस ने अवैध लीसा तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक टूरिस्ट बस से भारी मात्रा में अवैध लीसा बरामद किया है। इस मामले में 04 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार त्यौहारी सीजन के मद्देनजर जिले में संदिग्ध वाहनो के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बाजपुर पुलिस की ओर से सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र के छोई मोड़ पर टूरिस्ट बस संख्या यूके 12-पीबी 0381 को रोककर जांच की गई। बस में सीटें उखाड़कर बिछाई गई काली पन्नी के नीचे तथा डिग्गी से कुल 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े दस लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में पकड़े गए चालक मनोज सिंह और तीन अन्य आरोपियों ने बताया कि यह लीसा मनोज रावत नामक व्यक्ति का है, जिसे द्वाराहाट, अल्मोड़ा से भरकर पुलभट्टा टोल प्लाजा के पास स्थित पप्पू पाठक की कंपनी उत्तरांचल टेरपीन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में पहुंचाया जाना था, जिसके एवज में उन्हें कमीशन मिलना था।

आरोपी लीसा परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना, लाइसेंस या बस के वैध कागजात नहीं दिखा सके, जिससे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित