लखनऊ , जून 02 -- उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम), लखनऊ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीबीए इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान ने पर्यटन, आतिथ्य, एयरलाइंस, ट्रैवल एवं इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त यह त्रिवर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यटन प्रबंधन, होटल उद्योग, एयरलाइंस, ट्रैवल एजेंसी, क्रूज टूरिज्म और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक दक्षता पर विशेष बल दिया गया है। इसके तहत कम्युनिकेशन स्किल्स, पर्सनालिटी डेवलपमेंट, इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग, इंटर्नशिप तथा औद्योगिक भ्रमण जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिससे छात्र रोजगार बाजार की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।

संस्थान के अनुसार बीबीए टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी कोर्स में प्रवेश के लिए सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के इंटरमीडिएट में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रति सेमेस्टर शुल्क 29 हजार रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि पंजीकरण शुल्क 500 रुपये रखा गया है। संस्थान द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परिसर में एसी और नॉन-एसी हॉस्टल की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। हॉस्टल में सुरक्षा, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मंत्री ने कहा कि एमकेआईटीएम देश के प्रमुख पर्यटन प्रबंधन संस्थानों में शामिल है और राज्य सरकार के 'विकसित यूपी, विकसित भारत-2047' के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुल रोजगार में पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी लगभग 1.4 प्रतिशत है, जिसे वर्ष 2047 तक बढ़ाकर पांच प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में एमकेआईटीएम द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

संस्थान के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए एमकेआईटीएम की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं अथवा 8707295220 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित