लखनऊ/प्रयागराज , मार्च 08 -- लगातार दूसरी बार टी20 विश्वकप जीतने की दहलीज पर खड़ी भारतीय टीम की हौसलाफजाई के लिये देश भर में क्रिकेट प्रेमी अपने तौर तरीकों को आजमा रहे हैं। कहीं पूजा पाठ और हवन किये जा रहे है तो कहीं मैराथन दौड़ के आयोजन के जरिये सूर्य कुमार यादव की टीम की जीत की कामना की जा रही है।
गाजियाबाद से बलिया तक उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का बुखार चरम पर है। शाम सात बजे अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर विश्वकप का फाइनल मुकाबला गत विजेता भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जायेगा। इस मैच के सजीव प्रसारण के लिये कई मैदानो पर विशाल डिजिटल स्क्रीन लगायी गयी है तो साप्ताहिक अवकाश के दिन खेले जाने वाले इस मैच का लुफ्त उठाने के लिये मॉल,रेस्तरां और अन्य सार्वजनिक स्थानो पर विशेष प्रबंध किये गये है।
इस सिलसिले में लखनऊ में आज सुबह भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने के लिए 'रन फॉर इंडिया' नाम से मैराथन का आयोजन किया गया। 1090 चौराहे से शुरू हुई दौड़ में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 10 किमी, 5 किमी और तीन किमी की श्रेणी में हुयी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। इसी दौरान विशाल खंड स्थित शिव भोला मंदिर में टी-20 फाइनल में भारत की जीत के लिए हवन-पूजन भी किया गया। उधर, प्रयागराज में क्रिकेट प्रेमियों और साधु-संतों ने भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष पूजा और जप किया। गंगा तट पर स्थित कोटवेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने हाथों में खिलाड़ियों के पोस्टर लेकर भगवान भोले शंकर से टीम इंडिया की जीत की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित