कोलंबो , फरवरी 08 -- कुसल मेंडिस (नाबाद 56) और कामिंडु मेंडिस (44) की शानदार बल्लेबाजी के बाद महीश तीक्षणा और वानिंदु हसरंगा (तीन-तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने रविवार को टी-20 विश्वकप के छठें मुकाबले में आयरलैंड को 20 रनों से शिकस्त दी।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 54 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गवां दिये। कप्तान पॉल स्टर्लिंग (छह) और रॉस ऐडेर 23 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुये। उन्होंने पांच चौके और एक छक्का भी लगाया। इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कान टकर की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिय 49 रन जोड़े। 15वें ओवर में दुनित वेल्लालगे ने लोर्कान टकर (21) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद आयरलैंड की बल्लेबाजी श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे बिखरती नजर आई। कर्टिस कैमफर (13), बेन कैलिट्ज चार रन बनाकर आउट हुये। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने आयरलैंड की टीम पूरी टीम 19.5 ओवरों में 143 रन पर समेट कर 20 रनों से मुकाबला जीत लिया।
श्रीलंका के लिए महीश तीक्षणा और वानिंदु हसरंगा ने तीन-तीन विकेट लिये। मतीशा पतिराना को दो विकेट मिले। दुनित वेल्लालगे और दुश्मांता चमीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित