अहमदाबाद , फरवरी 22 -- डेविड मिलर (63), डेवाल्ड ब्रेविस (45) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 44) की शानदार पारियों की के बाद मार्को यानसन (चार विकेट) और केशव महाराज (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में रविवार को भारत को 76 रनों से शिकस्त दी।
179 रनों का लक्ष्य पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 51 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिये। इशान किशन (शून्य), तिलक वर्मा (एक), अभिषेक शर्मा (15), वॉशिंगटन सुंदर (11) और सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने पारी को संभालने का प्रयास किया। 15वें ओवर में केशव महाराज ने हार्दिक पंड्या (18) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसी ओवर में उन्होंने रिंकू सिंह (शून्य) और अर्शदीप सिंह (एक) का शिकार कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। 19वें ओवर में मार्को यानसन ने शिवम दुबे को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को नौवीं सफलता दिलाई। शिवम दुबे ने 37 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के उड़ाते हुए 42 रन बनाये। इसी ओवर की पांचवी गेंद पर यानसन ने जसप्रीत बुमराह (शून्य) को आउट कर 111 रन के स्कोर पर भारतीय पारी का अंत कर मुकाबला 76 रनों से अपने नाम कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन ने चार विकेट लिये। केशव महाराज को तीन विकेट मिले। कॉर्बिन बॉश ने दो और एडन मारक्रम ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित