रायपुर, 31 जनवरी 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में टी-20 वर्ल्ड कप के आगाज से पहले सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित और हाई-प्रोफाइल गिरोह का आज पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.50 लाख रुपये नकद, 3 लग्जरी वाहन और 10 महंगे स्मार्टफोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 92.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास लग्जरी कारों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालन की सूचना मिली थी। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर टीम ने मौके पर घेराबंदी की। जांच के दौरान 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा कार को संदिग्ध पाया गया। तलाशी लेने पर कारों के भीतर से भारी मात्रा में नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद हुए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से मास्टर आईडी तैयार कर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। गिरोह के सदस्य कमीशन के आधार पर आईडी उपलब्ध कराते थे। पुलिस को इस नेटवर्क के तार महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला के अनुसार, जब्त की गई नकदी के संबंध में हवाला ट्रांजैक्शन और म्यूल बैंक खातों के अहम साक्ष्य मिले हैं। मामले में गहन वित्तीय जांच शुरू कर दी गई है, जिससे सट्टे की काली कमाई की पूरी श्रृंखला उजागर की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित