मुंबई , अप्रैल 09 -- देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस के वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समग्र आधार पर 13,784 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।

सालाना आधार पर कंपनी के शुद्ध लाभ में 12.13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में कंपनी ने 12,293 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।

निदेशक मंडल ने गुरुवार को हुई बैठक में 31 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के वार्षिक लाभांश की भी घोषणा की।

आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 9.65 प्रतिशत बढ़कर 70,698 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। प्रति शेयर कंपनी की आय 37.92 रुपये रही। एक साल पहले यह 33.79 रुपये थी।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान समग्र आधार पर कंपनी का राजस्व 4.6 प्रतिशत बढ़कर 2,67,021 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एआई कारोबार से कंपनी का वार्षिक राजस्व चौथी तिमाही में 2.3 अरब डॉलर को पार कर गया।

टीसीएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार तीसरी तिमाही में कंपनी ने तिमाही-दर-तिमाही वृद्धि हासिल की है। यह वृद्धि व्यापक रही और ज्यादातर उद्योगों तथा बड़े बाजारों में देखने को मिली। उन्होंने कहा कि वृहद अर्थव्यवस्था से संबंधित चुनौतियों के बीच ग्राहक प्रौद्योगिकी पर खर्च कर रहे हैं जिससे कंपनी के लिए और अवसर खुल रहे हैं।

तिमाही के दौरान ऊर्जा, संसाधन एवं यूटिलिटी सेवाओं के वर्टिकल में सबसे अधिक 7.3 प्रतिशत की और चिकित्सा विज्ञान एवं स्वास्थ्य सेवा में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि देखी गयी। विनिर्माण में 3.1 प्रतिशत और प्रौद्योगिकी एवं सेवा के वर्टिकल में 2.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित