नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नासवी) ने राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) चुनाव में गैर-वेंडरों के नामांकन रद्द कर चुनाव निष्पक्ष तथा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की मांग की है।
एसोसिएशन ने शुक्रवार को यहां एक बयान में कहा कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान संगठन ने स्ट्रीट वेंडरों को जागरूक करने, नामांकन भरने में सहायता देने और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का काम किया। संगठन के अनुसार बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडरों का चुनाव मैदान में उतरना टाउन वेंडिंग कमेटियों के महत्व के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है।
संगठन ने कहा कि जिन लोगों के पास वेंडिंग प्रमाणपत्र तो है, लेकिन जो अब वास्तविक रूप से स्ट्रीट वेंडिंग नहीं कर रहे हैं, उनके नामांकन रद्द किए जाएं, साथ ही मतदान से पहले मतदाता सूची और अन्य आवश्यक जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा चुनाव से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पूरी तरह निष्पक्ष रखी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित