चेन्नई , अगस्त 31 -- तमिलनाडु में सत्ताधारी टीवीके के कुछ मंत्री एवं पदाधिकारी 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री चंद्रशेखर जोसेफ विजय को अगले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश करने की संभावना पर चर्चा कर रहे है।

इस बीच, कांग्रेस विधायक और पर्यटन मंत्री एस. राजेश कुमार ने चेतावनी दी है कि अगर टीवीके ने 2029 में श्री राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन नहीं दिया तो उनकी पार्टी के दो मंत्री कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे। वहीं, एमडीएमके ने कहा है कि श्री गांधी ही स्वाभाविक पसंद हैं और किसी दूसरे विकल्प की कोई संभावना नहीं है। एमडीएमके ने द्रमुक गठबंधन छोड़कर टीवीके को समर्थन दिया है।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद द्रमुक गठबंधन से अलग होकर टीवीके के साथ गठबंधन करने और सरकार का हिस्सा बनने का अपना छह दशक पुराना सपना पूरा करते हुए विजय कैबिनेट में शामिल होने वाली कांग्रेस पार्टी के पास पांच विधायक हैं। पार्टी के दो मंत्री हैं जिनमें से एक उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन हैं।

श्री कुमार ने कहा कि अगर टीवीके ने मुख्यमंत्री विजय को 2029 के चुनावों में पीएम पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने की सोच जारी रखी तो दोनों मंत्री कैबिनेट से इस्तीफ़ा दे देंगे। श्री कुमार कन्याकुमारी ज़िले की किल्लियूर सीट से 2016, 2021 और 2026 में लगातार तीन बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए हैं।

उन्होंने कहा कि अगर टीवीके ने श्री गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं माना तो कांग्रेस के दोनों मंत्री तुरंत कैबिनेट से इस्तीफ़ा दे देंगे। कन्याकुमारी ज़िले के मार्थंडम में एक कार्यक्रम में बोलते हुए, कांग्रेस के कन्याकुमारी पश्चिम ज़िला अध्यक्ष श्री कुमार ने कहा कि 2029 के चुनावों के लिए पार्टी का रुख़ साफ़ है। उन्होंने कहा, "जब मीडिया मुझसे एक मंत्री के रूप में इस बारे में पूछता है, तो मैं अपनी स्थिति बिल्कुल साफ कर देता हूं। हमारे नेता राहुल गांधी 2029 में अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। अगर टीवीके इस बात से सहमत नहीं होती है तो कांग्रेस के दोनों मंत्री अपने पदों पर बने नहीं रहेंगे।"पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी व्यक्ति या मंत्री पद से बड़ी है। उन्होंने कहा, "पार्टी के बिना राजेश कुमार का कोई अस्तित्व नहीं है। आंदोलन इससे कहीं बड़ा है। अगर कल आंदोलन मुझसे यह पद छोड़ने के लिए कहेगा तो मैं उसी पल पद छोड़ दूंगा।"उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के खिलाफ श्री गांधी की लगातार लड़ाई की वजह से कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ रही है। उनकी यह तीखी एवं चेतावनी भरी टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कुछ मंत्री और टीवीके पदाधिकारी श्री विजय को अगले प्रधानमंत्री के संभावित उम्मीदवार के तौर पर पेश कर रहे हैं जबकि कांग्रेस नेता लगातार यह स्पष्ट कर रहे हैं कि इस शीर्ष पद के लिए श्री गांधी ही उनकी पसंद हैं।

हाल के हफ़्तों में, कांग्रेस नेतृत्व ने प्रधानमंत्री पद के लिए श्री विजय के पक्ष में बार-बार की जा रही भविष्यवाणियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पिछले हफ़्ते, जब मंत्री जगदीश्वरी ने कहा कि श्री विजय भविष्य में प्रधानमंत्री बनेंगे, तो तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने टीवीके पर निशाना साधा।

श्री टैगोर ने कहा, वे अभी भी 'फ़ैन क्लब' वाले मूड में हैं। जो लोग 'फ़ैन क्लब' वाले मूड में होते हैं उन्हें बदला नहीं जा सकता। देश के राजनीतिक हालात से हर कोई वाकिफ़ है। गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दूसरों की शक्तियां छीनने की कोशिश कर रहे हैं। हम भाजपा से लड़ रहे हैं। उनका तरीका अलग है और हमारा तरीका अलग है।"मुख्यमंत्री 'विजय को पीएम बनाने' का अभियान अब तमिलनाडु से आगे बढ़ गया है; सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर लग रहे हैं और उत्तर भारत में प्रचार वाले वीडियो (रील्स) भी चल रहे हैं। एक टीवी चैनल के सर्वे में श्री मोदी और श्री गांधी के बाद प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों में श्री विजय को नौ प्रतिशत समर्थन के साथ तीसरे स्थान पर दिखाए जाने के बाद इस अभियान को नई गति मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित