चेन्नई , मई 08 -- तमिलनाडु में शुक्रवार को दिनभर चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। इसके साथ ही उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।

विधानसभा चुनाव में श्री विजय की पार्टी 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, लेकिन बहुमत के जादुई आंकड़े से कुछ पीछे रह गयी, जिसके कारण राज्य में अनिश्चितता का एक दौर शुरू हो गया था।

विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके), दोनों वामपंथी दलों और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने कांग्रेस की राह पर चलते हुए अभिनेता सी. जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कषगम' (टीवीके) को अपना समर्थन दे दिया है, जिससे श्री विजय के पास बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से अधिक संख्या बल जुट गया है।

इसके साथ ही श्री विजय अब मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। राज्यपाल विश्वनाथ राजेंद्र अर्लेकर द्वारा बहुमत का प्रमाण मांगे जाने के बाद, श्री विजय ने कांग्रेस (5 विधायक), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (2), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (2), वीसीके (2) और आईयूएमएल (2) के समर्थन पत्रों के साथ तीसरी बार राजभवन का दौरा किया और सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब उनके पास कुल 120 विधायकों का समर्थन है, जो 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के आंकड़े 118 से दो अधिक है।

इससे पहले राज्यपाल ने स्थिर सरकार के लिए बहुमत के ठोस सबूत की कमी का हवाला देते हुए श्री विजय के दावे को खारिज कर दिया था, जिसकी राजनीतिक दलों और कानूनी विशेषज्ञों ने काफी आलोचना की थी।

अब टीवीके के पास बहुमत से अधिक संख्या बल होने पर पार्टी के पनैयुर स्थित मुख्यालय और पूरे राज्य में समर्थक आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर इस सफलता का जश्न मना रहे हैं।

राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो कांग्रेस ने परिणाम आने के अगले ही दिन द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से नाता तोड़कर श्री विजय को समर्थन दे दिया था। अब अन्य सहयोगियों के जुड़ने से रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। हालांकि, वामपंथी दलों ने स्पष्ट किया है कि वे सरकार में शामिल नहीं होंगे और उनका समर्थन केवल राष्ट्रपति शासन जैसी स्थिति को रोकने के लिए है। वहीं, चर्चा है कि वीसीके नेता थोल थिरुमावलवन सांसद पद से इस्तीफा देकर विजय सरकार में उप-मुख्यमंत्री के रूप में शामिल हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित