चेन्नई , अक्टूबर 10 -- तमिलनाडु में टू व्हीलर हेलमेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीडब्ल्यूएचएआई) ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारियों के लिए हेलमेट नियमों को सख्ती से लागू करने के ग्रेटर चेन्नई सिटी ट्रैफिक पुलिस के फैसले का स्वागत किया है।
इसके साथ ही एसोसिएशन ने फर्जी आईएसआई मार्क और मानक विहीन हेलमेटों के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन ने शनिवार को कहा कि इस पहल के तहत हेलमेट नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, फोटो खींचकर साक्ष्य जुटाना और ई-चालान जारी करना शामिल है। टीडब्ल्यूएचएआई ने कहा कि सड़क सुरक्षा में सुधार लाने और बहानेबाजी की परवाह किए बिना दोपहिया वाहन पर सवार प्रत्येक व्यक्ति के हेलमेट पहनना सुनिश्चित करने के लिए नियमों को लगातार लागू करना आवश्यक है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कपूर ने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की 'भारत में सड़क दुर्घटनाएं 2023' रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023 में हेलमेट न पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में 54,568 लोगों की जान चली गई, जिनमें 39,160 चालक और 15,408 सवारियां शामिल थीं। इसके अलावा हेलमेट न पहनने के कारण 1,05,727 अन्य लोग घायल हुए।
उन्होंने कहा, "हम हेलमेट नियमों का पालन कराने पर ग्रेटर चेन्नई सिटी ट्रैफिक पुलिस के कड़े रुख का तहे दिल से स्वागत करते हैं। अपर्याप्त सुरक्षा के कारण गंवाई गई हर जान नियमों के निरंतर पालन की आवश्यकता को दर्शाती है। चालक और पीछे बैठने वाले दोनों को हेलमेट पहनना चाहिए और यातायात नियमों को लिंग के आधार पर बिना किसी छूट के लागू किया जाना चाहिए।"सड़क सुरक्षा हालांकि केवल हेलमेट पहनने तक ही सीमित नहीं है। उपभोक्ताओं के पास ऐसे असली और प्रमाणित उत्पादों की पहुंच भी होनी चाहिए जो लागू सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों। उन्होंने कहा, "हम देशभर के अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे फर्जी आईएसआई मार्क वाले हेलमेट के निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करें।"एसोसिएशन ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा की गई कार्रवाई का उल्लेख किया। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की पांच जुलाई, 2025 की एक विज्ञप्ति के अनुसार, बीआईएस ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान 30 से अधिक खोज और जब्ती अभियान चलाए और 500 से अधिक हेलमेट का परीक्षण किया।
अलग-अलग कार्रवाइयों के तहत, दिल्ली के नौ निर्माताओं से 2,500 से अधिक मानक विहीन हेलमेट जब्त किए गए, जबकि 17 खुदरा और सड़क किनारे की दुकानों से लगभग 500 घटिया हेलमेट जब्त किए गए।
एसोसिएशन ने बीआईएस, पुलिस और उपभोक्ता संरक्षण अधिकारियों से आग्रह किया कि वे निर्माण निरीक्षण, बाजार निगरानी, लाइसेंस सत्यापन, आपूर्ति श्रृंखला जवाबदेही और उपभोक्ता जागरूकता को मजबूत करें ताकि नकली और मानक विहीन हेलमेट खरीदारों तक पहुंचने से रोके जा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित