भोपाल , जुलाई 2 -- पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में टिकट परीक्षक (टीटीई) की सतर्कता से घर से भागी 14 वर्षीय बालिका को सुरक्षित बचाकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

पश्चिम मध्य रेल के अनुसार गाड़ी संख्या 18235 भोपाल-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में भोपाल से बीना के बीच ड्यूटी के दौरान टीटीई विजय श्रीवास ने स्लीपर कोच एस-2 में एक 14 वर्षीय बालिका को अकेले यात्रा करते देखा। संदेह होने पर पूछताछ करने पर बालिका ने बताया कि घर में विवाद होने के कारण वह घर छोड़कर चली आई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीटीई ने तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल के निर्देश पर बालिका को विदिशा रेलवे स्टेशन पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रेलवे सुरक्षा बल को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। इसके बाद आरपीएफ ने बालिका के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने टीटीई विजय श्रीवास की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि रेल कर्मचारी सुरक्षित रेल संचालन के साथ यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति भी पूरी तरह सजग हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित