हैदराबाद , अक्टूबर 29 -- तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो (टीजीसीएसबी) ने गुरुवार को लोगों को एक फर्जी व्हाट्सऐप संदेश के प्रति आगाह किया। इस संदेश में दावा किया गया है कि केंद्र सरकार सभी नागरिकों को दीपावाली के अवसर पर 8,000 रुपये का नकद लाभ दे रही है। ब्यूरो ने चेतावनी दी है कि इसमें दिये गये लिंक का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है।
टीजीसीएसबी की निदेशक शिखा गोयल ने यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से फैलाया गया यह फर्जी संदेश, लोगों से एक संदिग्ध वेबसाइट लिंक पर क्लिक करने के लिए कहता है ताकि वे कथित लाभ का दावा कर सकें। उन्होंने कहा कि यह संदेश त्योहारों के मौसम का फायदा उठाने और लोगों का विश्वास जीतकर गुमराह करने के लिए बनाया गया है कि सरकार ने कोई आधिकारिक नकद-लाभ योजना शुरू की है। सुश्री गोयल ने बताया कि इस लिंक के जरिए लोग ऐसी फर्जी वेबसाइटों पर पहुंच सकते हैं जो उनसे निजी और बैंकिंग जानकारियां मांग सकती हैं, जिससे अनधिकृत यूपीआई ट्रांजेक्शन हो सकते हैं या डिवाइस में हानिकारक सॉफ्टवेयर आ सकते हैं। आम लोगों को सलाह दी गयी कि वे ऐसे संदेशों पर क्लिक न करें या उन्हें आगे न भेजें, और सरकारी योजनाओं की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइटों तथा प्रमाणित घोषणाओं के माध्यम से करें।
उन्होंने कहा कि लोगों को कभी भी अप्रमाणित वेबसाइटों पर वन-टाइम पासवर्ड, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाते की जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए, और न ही बिना मांगे आये संदेशों में बताये गये लाभ पाने के लिए कोई शुल्क देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया है, उन्हें आगे कोई जानकारी देने से बचना चाहिए और अपने अकाउंट तथा डिवाइस को सुरक्षित करने के लिए कदम उठाने चाहिए। अनधिकृत वित्तीय लेनदेन के शिकार लोगों को तुरंत अपने बैंक से संपर्क करना चाहिए और 1930 पर कॉल करके या वेबसाइट के माध्यम से धोखाधड़ी की रिपोर्ट करनी चाहिए।
टीजीसीएसबी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे त्योहारों के मौसम में सतर्क रहें और किसी भी लिंक पर क्लिक करने, जानकारी साझा करने या डिजिटल भुगतान करने से पहले "रुकें, सोचें और पुष्टि करें" के सिद्धांत का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित