प्रयागराज , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती-2022 के ऐसे अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन का अंतिम अवसर प्रदान किया है, जिनका किसी कारणवश अब तक सत्यापन नहीं हो सका है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 17 जुलाई के बाद किसी भी अभ्यर्थी को सत्यापन के लिए अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।

आयोग के अनुसार टीजीटी भर्ती के छूटे हुए अभ्यर्थी 17 जुलाई को प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय पहुंचकर अपने अभिलेखों का सत्यापन करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी सत्यापन-पत्र के साथ भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।

आयोग के उप सचिव ने बताया कि टीजीटी भर्ती के 3,539 पदों के लिए 15 विषयों में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 9 जुलाई से चल रहा है, जो 17 जुलाई तक निर्धारित है।

उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों का किसी कारणवश अब तक दस्तावेज सत्यापन नहीं हो पाया है, वे 17 जुलाई को आयोग कार्यालय पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कर लें। इसके बाद सत्यापन के लिए कोई अतिरिक्त तिथि घोषित नहीं की जाएगी और छूटे हुए अभ्यर्थियों के दावों पर विचार नहीं किया जाएगा।

आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित समय से उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित