बरेली , जून 3 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा के पहले दिन बुधवार को बरेली में दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे दो सॉल्वर पकड़े गए। दोनों के विरुद्ध अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि जिन अभ्यर्थियों के स्थान पर वे परीक्षा दे रहे थे, उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आजमगढ़ निवासी प्रमोद कुमार यादव फर्रुखाबाद निवासी विमल कुमार के स्थान पर विज्ञान विषय की परीक्षा देने इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचा था। परीक्षा के दौरान सत्यापन में संदेह होने पर उसके दस्तावेजों और बायोमेट्रिक विवरण की जांच की गई, जिसमें गड़बड़ी सामने आई। पूछताछ में प्रमोद ने स्वीकार किया कि वह डेढ़ लाख रुपये के सौदे के तहत विमल कुमार के स्थान पर परीक्षा देने आया था। मामले में शहर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना थाना बारादरी क्षेत्र स्थित बरेली कॉलेज परीक्षा केंद्र की है, जहां अमेठी मूल निवासी एवं वर्तमान में प्रयागराज में रह रहा राम मनोहर सामाजिक विज्ञान की परीक्षा रविंद्र नामक अभ्यर्थी के स्थान पर देता हुआ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने भी परीक्षा देने के लिए मोटी रकम तय होने की बात स्वीकार की।
नगर मजिस्ट्रेट आर.के. वर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं कॉलेज प्रशासन की टीम द्वारा अभ्यर्थियों का सत्यापन किया जा रहा था। संदेह होने पर आधार कार्ड, प्रवेश पत्र, थंब इम्प्रेशन और अन्य बायोमेट्रिक विवरणों का मिलान किया गया, जिसमें दोनों सॉल्वर पकड़े गए।
अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों का खुलासा बायोमेट्रिक सत्यापन और थंब इम्प्रेशन मिलान के दौरान हुआ। डेटा मेल नहीं खाने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सत्यापन की व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाती है, जिसमें अंगूठे के निशान और आइरिस स्कैन के माध्यम से पहचान सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि फर्जी अभ्यर्थी या सॉल्वर किसी भी स्थिति में बच नहीं सकते और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कोतवाली और बारादरी थानों में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं तथा वास्तविक अभ्यर्थियों की तलाश जारी है। उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बरेली में टीजीटी परीक्षा के लिए 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 32,365 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित