प्रतापगढ़ , जून 1 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में तीन एवं चार जून को आयोजित होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) अजय कुमार तिवारी ने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली टीजीटी परीक्षा में कुल 13,696 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, ओआरएस, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा साफ-सफाई की विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक आर.पी. सरोज सहित सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित