कोलकाता , मई 26 -- पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के घर पर कोलकाता पुलिस के दौरे को 'राजनीतिक बदले की कार्रवाई' बताया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं को निशाना बना रही है।

श्री रॉय ने पुलिस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि टीएमसी नेताओं के घर पर बार-बार छापे और जांच राजनीति से प्रेरित हैं और उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं है। श्री रॉय ने संवाददाताओं से कहा, "यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई का हिस्सा है। बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में टीएमसी नेताओं के घरों पर छापे मारे जा रहे हैं। यह भी पता नहीं है कि श्री अभिषेक बनर्जी के खिलाफ खास आरोप क्या हैं।"उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के श्री बनर्जी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता और भाजपा पर राज्य में विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए जांच एजेंसियों और प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। श्री रॉय ने कहा, "बिना किसी तथ्य के आधार के श्री अभिषेक बनर्जी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। मुझे हैरानी नहीं है क्योंकि पूरे राज्य में भाजपा का यही रवैया है।"यह बात सोमवार को कोलकाता पुलिस के जवानों के श्री बनर्जी के घर जाने के बाद सामने आई। पुलिस ने हालांकि श्री अभिषेक बनर्जी के घर जाने की वजह पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन इस घटना पर टीएमसी नेतृत्व की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने श्री बनर्जी के घर पर नोटिस चिपकाए हैं, जिसमें दावा किया गया है कि इसके कुछ हिस्से गैर-कानूनी तरीके से बनाए गए हैं।

टीएमसी के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने इस मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया और सुझाव दिया कि यह मामला केएमसी के अधिकार क्षेत्र में ही रहना चाहिए था।

यह विवाद तब और बढ़ गया जब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि टीएमसी से जुड़े कई लोगों ने बेशुमार धन जमा किए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। टीएमसी ने इन आरोपों को हालांकि 'झूठा, मनगढ़ंत और भरोसेमंद नहीं' बताते हुए खारिज कर दिया और भाजपा पर श्री बनर्जी और पार्टी के दूसरे नेताओं के खिलाफ राजनीति से प्रेरित बदनाम करने का अभियान चलाने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित