टिहरी , मई, 29 -- उत्तराखंड में टीएचडीसी हाइड्रोपावर अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएचटी), भागीरथीपुरम् से जुड़े लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में संस्थान से संबंधित विभिन्न मामलों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में टीएचडीसी-आईएचटी के निदेशक ने संस्थान की भूमि का सीमांकन कराए जाने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक तथा उप महाप्रबंधक (पुनर्वास) को आपसी समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर भूमि का सीमांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यह मामला भी सामने आया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा संस्थान की भूमि पर अनाधिकृत निर्माण किया गया है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी टिहरी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित