हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) प्रमुख के कविता ने सोमवार को प्रदेश में 20 मई से 20 जून तक महीने भर चलने वाले 'फ्लैग फेस्टिवल' (झंडा महोत्सव) आयोजित करने की घोषणा की है।
सुश्री कविता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक संदेश में कहा कि पूरे प्रदेश में महीने भर चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाना है। यह कार्यक्रम राज्य की राजधानी से लेकर ज़िला मुख्यालय , चुनाव क्षेत्रों, मंडल सेंटर, गांवों और वार्ड स्तर तक बड़े पैमाने पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वार्ड में टीआरएस के झंडे फहराने और पार्टी की नीति और पार्टी की स्थापना बैठक के दौरान बताए गए "पांचजन्य" सिद्धांतों का सक्रिय रुप से प्रचार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना बनने के 12 साल बाद भी, राज्य कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है तथा तेलंगाना आंदोलन से जुड़े वादे ''पानी, फंड और नौकरियां'' पूरी तरह से पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि समाज के कई तबके, जिन्हें राज्य बनने के बाद बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, अब अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए एक बार फिर एकजुट होने का समय आ गया है, इस बार तेलंगाना के पुनर्निर्माण और समाज के सभी तबकों के उत्थान के लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित