टिहरी , अक्टूबर, 03 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और वीकेंड के दौरान मुनिकीरेती क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव के बीच टिहरी यातायात पुलिस यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान भी चला रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में शनिवार को यातायात पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज तपोवन और ओआईएमटी तपोवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 280 छात्र-छात्राओं एवं 15 शिक्षकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतों तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व से अवगत कराया। साथ ही सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की तत्काल सहायता और गोल्डन आवर के महत्व की जानकारी दी गई। पुलिस ने गुड समैरिटन स्कीम के बारे में बताते हुए लोगों को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड पुलिस एप और ट्रैफिक आई एप के उपयोग की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
चारधाम यात्रा और वीकेंड के दौरान मुनिकीरेती क्षेत्र में पर्यटकों और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए टिहरी यातायात पुलिस और थाना मुनिकीरेती पुलिस यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है। पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को सुचारू रखने के साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
विद्यालय एवं कॉलेज के शिक्षकों ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए आभार जताया। यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित