टिहरी , अगस्त, 11 -- उत्तराखंड के जनपद टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित विसंगति एवं अनमैप मामलों में जारी नोटिसों की सुनवाई लगातार की जा रही है। मंगलवार को तहसील बालगंगा के विभिन्न मतदेय स्थलों सहित प्रतापनगर और टिहरी विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित प्रकरणों की सुनवाई हुई।
बालगंगा तहसील के भाग संख्या 42 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र खोला में एईआरओ मानवेंद्र सिंह रावत समेत संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में नोटिसों पर सुनवाई की गई। यहां बीएलओ उर्मिला बिष्ट, सहयोगी सदस्य समिता देवी, आंगनवाड़ी सहायिका, ग्राम प्रधान कैलाश ममगाई तथा कांग्रेस और भाजपा के बीएलए भी मौजूद रहे। भाग संख्या 43 के राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोठगा (रियूंटी) में भी बीएलओ दीपा देवी एवं अन्य सदस्यों की उपस्थिति में विसंगति मामलों की सुनवाई की गई।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर के बूथ संख्या 74 राजकीय इंटर कॉलेज मिश्रवाण गांव व बूथ संख्या 96 गालूधार तथा विधानसभा क्षेत्र टिहरी के बूथ संख्या 130 कोटी खास में भी संबंधित नोटिसों पर सुनवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित