टिहरी , अक्टूबर, 22 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए टिहरी पुलिस ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने नशा तस्करी, साइबर अपराध और आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि विवेचना में लापरवाही बरतने पर संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
पुलिस लाइन चंबा स्थित सभागार में गुरुवार को एसएसपी श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को 'एम्पलाई ऑफ द मंथ' घोषित कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और नियमानुसार जिला बदर की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। लंबित विवेचनाओं, पुनर्विवेचनाओं और अन्य प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के साथ वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा सम्मन और वारंट की तामील पर भी जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित