टिहरी , फरवरी 16 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद में दिव्यांगजनों को समेकित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 फरवरी को एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर का आयोजन नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा।

शिविर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि शिविर समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनपद के दिव्यांगजनों एवं समाज कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

शिविर में दिव्यांग प्रमाण-पत्रों का निर्माण, पात्र लाभार्थियों के यूडीआईडी कार्ड का पंजीकरण एवं निर्माण, दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के आधार कार्ड बनवाने या संशोधन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, छड़ी सहित अन्य कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।

प्रशासन ने विशेष रूप से उन दिव्यांगजनों से शिविर में पहुंचने का आग्रह किया है, जिनके प्रमाण-पत्र अब तक नहीं बन पाए हैं। साथ ही समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने शिविर के सफल संचालन के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपद के दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

प्रशासन के अनुसार यह पहल शासन की "जन-जन तक सरकार" की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पात्र लाभार्थियों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित