टिहरी , मई, 12 -- चारधाम यात्रा मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब मॉरीशस से आए श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और टिहरी गढ़वाल पुलिस की तत्परता के चलते सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार 12 श्रद्धालु गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के बाद श्री बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे। मंगलवार चौकी दुगड्डा क्षेत्र के पास वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए। स्थिति गंभीर होती देख चालक ने तत्काल हैंड ब्रेक का सहारा लेकर वाहन को नियंत्रित किया और संभावित दुर्घटना को टाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी दुगड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकालकर चौकी परिसर में पहुंचाया। पुलिस ने तत्काल मोटर मैकेनिक को बुलाकर वाहन की तकनीकी खराबी दूर करवाई। वाहन के पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
मॉरीशस से आए यात्रियों ने टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस ने जिस तत्परता से सहायता की, वह उनके लिए यादगार अनुभव रहेगा।
चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर टिहरी पुलिस लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित