टिहरी , मई 13 -- उत्तराखंड के टिहरी में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक गुरुवार को "नो व्हीकल डे" के रूप में मनाया जाएगा। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को इस संबंध में जनपद के सभी जिलास्तरीय, विकासखण्ड स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के "फिट इंडिया" एवं "ग्रीन इंडिया" अभियान तथा मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड की मंशा के अनुरूप यह पहल जनपद में लागू की जा रही है। इसके तहत अधिकारियों को सप्ताह में एक दिन कार्यालय आने-जाने के लिए निजी अथवा सरकारी वाहन का प्रयोग न करते हुए पैदल आवागमन करना होगा।
प्रशासन के अनुसार इस अभियान की शुरुआत अगस्त 2025 के प्रथम बृहस्पतिवार से जिला स्तर पर की गई थी। अब इसे विकासखण्ड और तहसील स्तर पर भी अनिवार्य रूप से लागू कर दिया गया है। इस क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को 14 मई 2026 से "नो व्हीकल डे" का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जहां ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं लोगों में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित