टिहरी , अक्टूबर, 31 -- उत्तराखंड में टिहरी के मुनिकीरेती क्षेत्र में शनिवार को गंगा नदी में कूदी एक महिला को जल पुलिस और आपदा राहत दल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बचा लिया। महिला हनुमान घाट से गंगा में कूदी थी, जिसे बचाव टीम ने योग निकेतन घाट के समीप नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार, आज सूचना मिली कि एक महिला हनुमान घाट से गंगा नदी में कूद गई है। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती जल पुलिस और आपदा राहत दल की टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया। टीम ने गंगा की तेज धारा के बीच महिला को तलाश कर योग निकेतन घाट के पास सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बचाव की गई महिला की पहचान सुनीता कन्नौजिया (35) पुत्री लाल राम कन्नौजिया, निवासी ग्राम गडोली, थाना गाजीपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। बचाव के बाद महिला को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जानकी पुल पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।

टिहरी जल पुलिस और आपदा राहत दल की त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच सकी। पुलिस ने गंगा नदी और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित