टिहरी , सितंबर 16 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर आगे बढ़ रही है।

बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में एसआईआर-2026 के अंतर्गत जारी 1,17,501 नोटिसों के सापेक्ष शत-प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त दावे-आपत्तियों तथा प्रारूप-6, 7 एवं 8 के निस्तारण की कार्रवाई भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाए।

बैठक में बताया गया कि आयोग द्वारा एसआईआर-2026 के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन तीन अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद को आवंटित ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 5 अक्टूबर 2026 से ईसीआईएल के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। उन्होंने एफएलसी की पूरी प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित