टिहरी , मार्च 11 -- उत्तराखंड में टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनपद में एलपीजी की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की प्राप्ति और आपूर्ति पहले की तरह नियमित रूप से हो रही है और उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के गैस उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बताया गया कि अब उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण कर स्टॉक की जानकारी लेने और कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर नजर रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में एलपीजी की उपलब्धता सामान्य है इसलिए किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यम से गैस सिलेंडर बुक करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित