ऋषिकेश , जून, 18 -- उत्तराखंड में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अधिकारियों ने बुधवार देर रात ऋषिकेश में छापा मारा।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टिहरी बस अड्डा, चंद्रेश्वर नगर समेत कई स्थानों पर संदिग्ध ठिकानों और अवैध शराब बिक्री के अड्डों पर अधिकारियों दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टिहरी बस अड्डे के समीप दो खोकों में छिपाकर रखी गई कुल साढ़े चार पेटी अवैध शराब बरामद की गई। बरामद शराब में 135 पाउच माल्टा देशी शराब तथा 100 पव्वे मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की शामिल हैं। आबकारी टीम ने मौके से अवैध शराब को कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने शराब बिक्री के आरोप में दिनेश कुमार शाह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित