टिहरी , सितंबर 03 -- उत्तराखंड में टिहरी बांध पुनर्वास से जुड़े लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय, मुनिकीरेती में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में पुनर्वास समन्वय उप समिति की बैठक हुई। बैठक में पुनर्वास क्षेत्रों से प्राप्त विभिन्न प्रस्तावों, लोगों की समस्याओं और लंबित प्रकरणों पर प्रकरणवार चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

बैठक में पुनर्वास क्षेत्रों में नाम परिवर्तन, बांध क्षेत्र के ऊपर बने मकानों, मकानों को हुई क्षति तथा अन्य पुनर्वास संबंधी मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। आयुक्त स्वरूप ने कहा कि जिन प्रकरणों का समाधान समिति स्तर पर संभव है, उनका नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। वहीं शासन स्तर पर निर्णय अपेक्षित मामलों को आवश्यक अभिलेखों और स्पष्ट आख्या के साथ शासन को भेजा जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वास से संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि उच्च स्तर पर निर्णय के लिए भेजे जाने वाले प्रस्तावों में सभी आवश्यक दस्तावेज और तथ्य स्पष्ट रूप से शामिल किए जाएं, जिससे संबंधित लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। बैठक में विभागीय अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रकरणवार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, अपर जिलाधिकारी देहरादून केके मिश्रा, उप महाप्रबंधक पुनर्वास राकेश थपलियाल, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित