टिहरी , जून 24 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस ने बुधवार को एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 4.54 ग्राम स्मैक बरामद की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा मलेथा चेक पोस्ट के पास चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तस्कर की पहचान रोहित शाह निवासी कर्णप्रयाग, जिला चमोली के रूप मे हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके द्वारा पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं को स्मैक सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित