टिहरी गढ़वाल , अप्रैल 20 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद पुलिस ने बीते 24 घंटों में अपने घरों से लापता एक युवक और दो युवतियों को खोजकर परिजनों के हवाले किया है।
इनमें युवक राजस्थान से लापता था। जबकि युवतियां विवाहित थीं और टिहरी जनपद से अपने घरों से बिना बताए देहरादून में रह रही थीं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्वेता चौबे ने सोमवार को बताया कि रविवार रात लगभग 11:00 बजे चौकी कैलाशगेट, थाना मुनि की रेती क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों को एक युवक संदिग्ध एवं अत्यंत घबराई और सहमी अवस्था में घूमता मिला। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर उसकी सहायता का प्रयास किया, किन्तु वह मानसिक रूप से अस्थिर था और कोई स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ था।
उन्होंने बताया कि युवक को चौकी कैलाश गेट लाकर शांत कराया गया तथा पुनः विश्वास में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी में उसकी जींस की जेब से एक पर्ची प्राप्त हुई, जिस पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि युवक का नाम मनीष चौधरी (23) पुत्र बद्रीलाल चौधरी, निवासी ग्राम रेंडलिया, थाना मुआना, जनपद टोंक (राजस्थान) है, जो 17 अप्रैल से अपने घर से लापता था।
उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में संबंधित थाने से संपर्क करने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज पाई गईं। साथ ही राजस्थान पुलिस की एक टीम उसके लिए हरिद्वार क्षेत्र में भी खोजबीन कर रही है। तत्पश्चात हरिद्वार में मौजूद टीम से समन्वय स्थापित कर युवक के संबंध में जानकारी साझा की गई। टीम के चौकी कैलाश गेट पहुंचने पर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया।
श्रीमती चौबे ने बताया कि जनपद के चम्बा क्षेत्र के दो अलग अलग स्थानों से दो विवाहित महिलाएं अपने घर से लापता हो गई। इसमें एक महिला के पति ने तीन अप्रैल को कोतवाली चम्बा में अपनी पत्नी काजल (काल्पनिक नाम), निवासी चम्बा, आयु 26 वर्ष के बिना बताए घर से चले जाने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जबकि एक अन्य व्यक्ति ने भी मौखिक रूप से थाने पर सूचना दी थी कि उसकी पत्नी मंजू अपने दो बच्चों को छोड़कर अचानक बिना बताए कहीं चली गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित